स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पर्यटन मंत्रालय और मेकमाईट्रिप की ओर से खास पेशकश की गई है। देश के 600 से ज़्यादा गंतव्यों के लिए ‘ट्रैवेलर्स मैप ऑफ इंडिया’ पेश किया है। मिली जानकारी के अनुसार, मेकमाईट्रिप द्वारा विकसित ‘ट्रैवेलर्स मैप ऑफ इंडिया’ वेबसाइट टूरिस्टों को को उनकी प्राथमिकताओं के अनुसार अपने देश में मौजूद बेहतरीन पर्यटन स्थलों की खोज करने के लिए एक प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा। इस माइक्रोसाइट को भारत सरकार के दूरदर्शी कार्यक्रम ‘देखो अपना देश’ के अनुरूप तैयार किया गया है। जानकारों का कहना है कि इस पहल से देश में पर्यटन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। साथ ही सरकार की स्कीम ‘देखो अपना देश’ को भी बढ़ावा मिलेगा। घरेलू पर्यटक कम खर्च में देश के विभिन्न पर्यटक स्थल को देख पाएंगे। वैसे भी भारत का पर्यटन उद्योग काफी तेजी से बढ़ रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों के खूबसूरत लोकेशंस के बारे में पर्यटकों को अब आसानी से जानकारी मिलेगी।

घरेलू पर्यटन को लगातार बढ़ावा दे रही सरकार 

केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा, हम भारत के विविध गंतव्यों को प्रस्तुत करने और घरेलू पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मेकमाईट्रिप की पहल का स्वागत करते हैं। हम अपने देश को दुनिया भर में लोकप्रिय करने के अपने सामूहिक सपने को साकार करने के लिए ऐसी अन्य पहलों को भी स्वागत करते हैं। मेकमाईट्रिप के सह-संस्थापक एवं समूह के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेश मागो ने कहा, यह ‘ट्रैवलर्स मैप ऑफ इंडिया’ करीब हर भारतीय यात्री की पंसद को दर्शाता है।